SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
सोनभद्र। प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ के मद्देनजर जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं। महाकुंभ मेला में आने-जाने में श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो, इसकी तैयारी में परिवहन निगम जुटा है। महाकुंभ मेला शुरू होने से पहले सोनभद्र डिपो को आठ नई रोडवेज बसें मिल गई हैं। अब अधिकारियों का फोकस चालकों की कमी दूर करने पर है। परिवहन निगम से संचालित सोनभद्र डिपो में पहले कुल 61 बसें थी। इसमें 57 रोडवेज की और चार अनुबंधित बसें शामिल थी। सोनभद्र डिपो को आठ नई बसें मिलने से यह संख्या बढ़कर 69 हो गई है। पिछले सप्ताह रोडवेज बस की छह बसें मिली थी। दो अन्य नई बसें मुख्यालय से बुधवार तक आ जाएंगी। नई बस लाने के लिए चालकों को भेजा गया है। नई बसें दौड़ने से यात्रियों को भी सहुलियत होगी। महाकुंभ मेले के लिए नई रोडवेज बसों का ही संचालन किया जाना है। परिवहन अधिकारियों की मानें तो रोडवेज बसों को चलाने के लिए 140 चालकों की जरूरत है। इसके सापेक्ष इस समय 104 चालक ही है। इस तरह से 36 चालकों की कमी बनी हुई है। चालकों की कमी दूर करने के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। इसके साथ ही कैंप लगाकर संविदा पर चालकों की भर्ती की जा रही है। हाल ही में सात चालक मिले भी हैं। जिन्हें प्रशिक्षण के लिए कानपुर भेजा जा रहा है।
.