SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
सोनभद्र। राबर्टसगंज कोतवाली क्षेत्र के केनरा बैंक के पास शनिवार को दो सगे भाईयों को लाठी डंडे व बेल्ट से मारपीट कर दबंगों ने घायल कर दिया। जानकारी के बाद घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए तहरीर में राबर्टसगंज के चंडी होटल निवासी रामचन्दर सोनकर ने आरोप लगाया कि मेरे लड़के मुकेश व सूरज को केनरा बैंक के पास घेरकर बबलू सोनकर, राजन सोनक, साजन सोनकर, शंकर सोनकर निवासी केनरा बैंक, राबर्टसगंज गाली गलौज देते हुए बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया। लाठी डंडा व बेल्ट से हमला किया गया। जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए।
शोरगुल सुनकर जब लोग दौड़े तब जाकर दोनों की जान बची। भीड़ इकट्ठा हो जाने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। राबर्टसगंज प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मारपीट करने वाले चारो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।