राजेश तिवारी की रिपोर्ट
कोन,सोनभद्र। ब्लॉक स्तरीय कांग्रेस कमेटी कोन की ओर से रविवार को कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मदन गुप्ता ने की। आयोजन की शुरुआत वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व जिला महासचिव विनयकांत चतुर्वेदी द्वारा महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। अपने संबोधन में विनयकांत चतुर्वेदी ने कहा कि देश को आज़ादी दिलाने में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और जवाहरलाल नेहरू जैसे नेताओं के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने देशवासियों से राष्ट्र के प्रति सच्ची निष्ठा और समर्पण की भावना बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जिला सचिव राजेश त्रिपाठी और रामकेश्वर कनौजिया ने भी गांधी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। पूरे आयोजन स्थल पर “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद”, “महात्मा गांधी जिंदाबाद” और “जवाहरलाल नेहरू जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंजता रहा।
समापन अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयाँ वितरित की गईं और एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं। कार्यक्रम में विद्या पटेल, गोपी विश्वकर्मा, तेजी राम, कन्हाई राम कन्नौजिया, दिनेश सिंह सहित क्षेत्र के अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।