यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता
चोपन/सोनभद्र। चोपन के प्रीतनगर गड़हीडीह स्थित पावन रामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 2 जनवरी से शुरू होने जा रही भव्य श्री राम कथा को लेकर तैयारियाँ तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा वाचक दिलीप कृष्ण भारद्वाज के श्रीमुख से होने वाली इस कथा के सफल आयोजन हेतु आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया।
श्री राम कथा के आयोजक एवं समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गौड़ ने स्थल का बारीकी से जायज़ा लेते हुए मंच निर्माण, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, प्रकाश, ध्वनि और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर संबंधित लोगों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्री राम कथा के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के आदर्शों, संस्कारों और जीवन मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुँचेगा, जिससे समाज में नैतिकता, भाईचारे और सद्भाव की भावना मजबूत होगी। राज्यमंत्री ने क्षेत्र के समस्त राम भक्तों से सपरिवार कथा में सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी सुदृढ़ करेगा। निरीक्षण के दौरान श्री राम कथा के अध्यक्ष सुनील सिंह सहित आयोजन समिति के संजीव त्रिपाठी, धर्मेंद्र जायसवाल, बबलू सोनी, अंकित सोनी, अनिल यादव, अरविंद जैसवाल, प्रमोद वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।