SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
सोनभद्र। डायल–112 के माध्यम से थाना शक्तिनगर पुलिस को एक अत्यंत संवेदनशील सूचना प्राप्त हुई। सूचना के अनुसार खडिया क्षेत्र में एक युवक रेलवे पटरी पर लेटा हुआ था, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए शक्तिनगर पुलिस ने बिना विलंब किए डायल–112 टीम के साथ मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए दूर से आ रही ट्रेन को समय रहते रुकवाया और युवक को सुरक्षित रूप से रेलवे पटरी से हटाया। बचाए गए युवक की पहचान संतोष केशरी (उम्र लगभग 42 वर्ष), निवासी खडिया, थाना शक्तिनगर के रूप में हुई। युवक को सुरक्षित थाना लाया गया, जहां उसके परिजनों को बुलाकर मानवीय संवेदनशीलता के साथ समझाया गया और बाद में युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से एक अमूल्य जीवन की रक्षा हो सकी।