वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। दुद्धी ब्लॉक के हीराचक गांव में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। फाइनल में लियो क्लब बीड़र ने मेजबान हीराचक टीम को एक विकेट से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मुख्य अतिथि दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने विजेता टीम को ट्रॉफी व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया और दोनों टीमों के प्रदर्शन की सराहना की। टॉस जीतकर बीड़र टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए हीराचक की टीम ने 12 ओवर में सभी विकेट खोकर 103 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लियो क्लब बीड़र की टीम ने आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में एक विकेट से जीत दर्ज की। अंतिम ओवर में अंतिम जोड़ी के बल्लेबाज नीरज कुमार ने लगातार दो छक्के लगाकर मुकाबला बराबरी पर पहुंचाया और अगली गेंद पर रन बनाकर टीम को जीत दिला दी।
प्रतियोगिता में बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार आकर्ष चौबे, बेस्ट गेंदबाज का पुरस्कार संस्कार और बेस्ट फील्डर का पुरस्कार संदीप कुमार को दिया गया। इस अवसर पर सुरेंद्र अग्रहरि, बीरेंद्र चौधरी, विमल यादव, श्याम बिहारी तिवारी, राजकुमार मिश्रा, राम ध्यान मिश्रा, जमुना प्रसाद मिश्र, संजय चौबे, नीलकुंडल मिश्र, आलोक चौबे, राणा प्रकाश, राहुल रंजन मिश्रा, संतोष मिश्रा, सत्य प्रकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।