अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। सरकार की बिजली बिल राहत कैंप योजना के तहत बभनी उपकेंद्र पर अवर अभियंता महेश कुमार के नेतृत्व में गांव-गांव कैंप आयोजित किए गए। कैंप के दौरान 90 से अधिक उपभोक्ताओं का पंजीकरण कराया गया, जबकि मौके पर लगभग पांच लाख रुपये की वसूली की गई। बकाया अधिक होने पर 15 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन का विच्छेदन भी किया गया। इसके साथ ही उपभोक्ताओं की बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण किया गया। अवर अभियंता महेश कुमार ने बताया कि दिसंबर माह में उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से यह विशेष योजना चलाई जा रही है। कैंप के माध्यम से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं का ओटीएस किया गया, जिससे उन्हें बिल माफी और समाधान का लाभ मिला। उन्होंने क्षेत्र के सभी कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं से अपील की कि शेष बचे दो दिनों के भीतर बभनी सब स्टेशन पहुंचकर राहत कैंप में पंजीकरण कराएं और अपनी समस्याओं का समय रहते समाधान कराएं। कैंप के दौरान जेई महेश कुमार, टीजी-2 प्रमोद जायसवाल, लाइनमैन कृष्ण शर्मा, अनिल कुमार, राम प्रसाद, अशोक कुमार, प्रेम लाल और राम नारायण यादव उपस्थित रहे। उपभोक्ताओं के बिजली बिल सीएससी के माध्यम से जमा कराए।