मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। जनपद की कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने दुद्धी कोतवाली की जिम्मेदारी धर्मेंद्र कुमार सिंह को सौंपी है। इससे पूर्व दुद्धी कोतवाली प्रभारी रहे स्वतंत्र कुमार सिंह का स्थानांतरण क्राइम ब्रांच में कर दिया गया। कोतवाली परिसर में निवर्तमान कोतवाल को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवागत कोतवाल का स्वागत किया गया।
नवागत कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि निर्दोष को किसी भी स्थिति में परेशान नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दुद्धी कोतवाली एक पुराना और संवेदनशील थाना क्षेत्र है, जहां व्यापारियों और गणमान्य नागरिकों से समन्वय बनाकर प्रभावी पुलिसिंग की जाएगी। नवागत कोतवाल इससे पहले आजमगढ़ और मऊ जनपदों में विभिन्न थानों की कमान संभाल चुके हैं। हाल ही में सोनभद्र में तैनाती के बाद उनकी कार्यशैली को देखते हुए उन्हें दुद्धी कोतवाली का प्रभार सौंपा गया है।