SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र (80) के सांसद छोटे लाल खरवार के माध्यम से ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन सदर तहसील अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में दिया गया, जिसमें ग्रामीण और जिला स्तर पर कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं के समाधान की मांग रखी गई। ज्ञापन में बताया गया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत एक बड़ा संगठन है, जिसका पंजीकरण संख्या 1153/86 है। संगठन से जुड़े पत्रकार कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हैं, ऐसे में उन्हें सरकारी सुविधाओं का लाभ मिलना आवश्यक है। इसमें मांग की गई कि निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा जारी पत्र संख्या 1484/सू.एवं ज.स.वि.(प्रेस)-36/2004 दिनांक 19-06-2008 में संशोधन कर सभी दैनिक समाचार पत्रों के संवाददाताओं को मान्यता दी जाए।
इसके साथ ही जिला स्तर पर पत्रकार हितों की रक्षा के लिए स्थायी समिति की नियमित बैठकें कराने, मंडल मुख्यालय पर मंडलायुक्त तथा तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में स्थायी समितियां गठित करने और इनमें ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाने की मांग रखी गई। ग्रामीण पत्रकारों को आयुष्मान भारत कार्ड के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधा और उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा देने की मांग भी शामिल रही।
ज्ञापन में प्रदेश स्तर पर गठित पत्रकार मान्यता समिति और विज्ञापन मान्यता समिति में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के दो प्रतिनिधियों को सदस्य बनाने, लखनऊ में दारुलशफा स्थित कार्यालय के लिए निःशुल्क भवन उपलब्ध कराने, ग्रामीण पत्रकार आयोग के गठन तथा पत्रकारिता दायित्व निर्वहन के दौरान विवाद की स्थिति में प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व सक्षम राजपत्रित अधिकारी से जांच कराने के आदेश जारी करने की मांग की गई। इस अवसर पर सांसद छोटे लाल खरवार ने कहा कि पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन और प्रधानमंत्री तक पहुंचाकर समाधान कराया जाएगा तथा सदन में भी प्रस्ताव रखा जाएगा। टोल प्लाजा के संदर्भ में उन्होंने कहा कि यह नगर पालिका क्षेत्र में आता है, इसलिए इसे हटाया जाना चाहिए और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के निर्देशों का पालन कराया जाना चाहिए। पत्रकारों के लिए बैठक आयोजित करने हेतु सभा हाल की आवश्यकता भी बताई गई। इस दौरान विनोद कुमार मिश्रा, रामकेश यादव, सेराज अहमद, अर्पित दुबे, मुस्तकीम खान, बद्री प्रसाद गौतम, राघवेंद्र कुमार, अवधेश गुप्ता, परमेश्वर कुमार, बृजेश कुमार सिंह सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।