रिपोर्ट: परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिले में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस संगठित नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने चार मुख्य आरोपियों पर 25–25 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। इन आरोपियों में विशाल उपाध्याय (वान्या एंटरप्राइजेज का मालिक), शुभम जायसवाल, निशांत उर्फ रवि गुप्ता और विजय गुप्ता शामिल हैं, जो लंबे समय से वांछित चल रहे हैं।
पुलिस के अनुसार जनपद में कफ सिरप की अवैध तस्करी को लेकर दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे, जिनकी जांच में इन चारों की संलिप्तता सामने आई। जांच के दौरान यह भी पता चला कि कुछ आरोपी विदेश फरार हो चुके हैं। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस ने इनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है, ताकि किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा या हवाई अड्डे पर उन्हें पकड़ा जा सके। साथ ही विदेश में मौजूद अभियुक्तों को वापस लाने के लिए डिपोर्टेशन की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन आरोपियों के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो वह तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करे, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का मानना है कि इन चारों की गिरफ्तारी से प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करी के इस अवैध नेटवर्क की पूरी कड़ी सामने आ सकेगी और जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।