राजेश तिवारी की रिपोर्ट
कोन(सोनभद्र)। कोन उद्योग व्यापार मंडल की मासिक बैठक स्थानीय बाजार क्षेत्र में आयोजित की गई, जिसमें व्यापारियों से जुड़े मुद्दों, समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। बड़ी संख्या में व्यापारियों की मौजूदगी ने संगठन की सक्रियता और आपसी एकता को दर्शाया। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष विजय शंकर जायसवाल ने की। उन्होंने कहा कि संगठन का मकसद केवल समस्याओं को सामने लाना नहीं, बल्कि उन्हें संबंधित विभागों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाकर ठोस समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी व्यापारियों से संगठित रहकर संगठन के निर्णयों के साथ खड़े रहने की अपील की। संरक्षक लक्ष्मी जायसवाल और सुशील जायसवाल ने व्यापारिक अनुशासन, आपसी सहयोग और संगठन को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। महामंत्री जयदीप गुप्ता ने बीते माह की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि व्यापारियों की समस्याओं को लेकर शीघ्र ही संबंधित विभागों से संवाद किया जाएगा। साथ ही आगामी कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक में बाजार व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता और स्थानीय स्तर की व्यापारिक समस्याओं सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार हुआ। कोषाध्यक्ष आनंद जायसवाल ने संगठन की आय-व्यय की स्थिति प्रस्तुत की। अंत में उपस्थित व्यापारियों ने संगठन को और सशक्त बनाने तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया। बैठक का समापन सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया