अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। सरकार द्वारा उपभोक्ताओं के लिए संचालित बिजली बिल राहत योजना के प्रथम चरण की समय-सीमा में तीन दिन की बढ़ोतरी कर दी गई है। अब क्षेत्र के सभी उपभोक्ता 03 जनवरी तक ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) के माध्यम से अपना पंजीकरण कराकर योजना का लाभ उठा सकते हैं। यह जानकारी बभनी उपकेंद्र के अवर अभियंता महेश कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि पहले प्रथम चरण के अंतिम दिन ही शेष थे, लेकिन उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए अवधि बढ़ाई गई है। इस दौरान बभनी और म्योरपुर क्षेत्र के सभी कनेक्शनधारी उपभोक्ता बढ़ी हुई समय-सीमा में पंजीकरण कराकर बिजली बिल में दी जा रही भारी छूट का लाभ ले सकते हैं। योजना के तहत विद्युत बिल बकाया और विद्युत चोरी से जुड़े मामलों में राजस्व निर्धारण पर भी छूट का प्रावधान है। अवर अभियंता ने स्पष्ट किया कि बढ़ाई गई अवधि में प्रथम चरण की सभी शर्तें और छूट पहले की तरह ही लागू रहेंगी।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि समय रहते ओटीएस के माध्यम से पंजीकरण कराकर अपनी बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराएं और अधिकतम बिल माफी का लाभ उठाएं। साथ ही उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की सहायता के लिए डोर-टू-डोर संपर्क कर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में सभी बिजली कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे क्षेत्र के कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं से संपर्क कर योजना में पंजीकरण कराने में सहयोग करें, ताकि सरकार की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके।