शत्रुघ्न कुमार की रिपोर्ट
सोनभद्र। प्रदेश के सबसे बड़े नगर पंचायतों में शामिल अनपरा नगर पंचायत का 6वां स्थापना वर्ष बुधवार को धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह आयोजन अनपरा नगर पंचायत के नए कार्यालय परिसर में संपन्न हुआ, जहां चेयरमैन विश्राम प्रसाद बैसवार, अधिशासी अधिकारी अपर्णा मिश्रा, सभासदों, सफाईकर्मियों, सफाईनायकों, कर्मचारियों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया। स्थापना वर्ष के अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और नगर पंचायत के लिए प्रतिदिन नए आयाम स्थापित करने तथा उसे निरंतर विकासशील से विकसित नगर पंचायत की दिशा में आगे बढ़ाने की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन विश्राम प्रसाद बैसवार ने कहा कि नगर पंचायत के गठन और प्रथम चुनाव के बाद से अब तक अनपरा नगर पंचायत में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को एक आदर्श और विकसित नगर पंचायत बनाने के लिए सभी नगरवासियों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है, ताकि अनपरा को न केवल सबसे बड़ी बल्कि सबसे बेहतर नगर पंचायत के रूप में स्थापित किया जा सके। चेयरमैन ने कहा कि नगर में नाली निर्माण, सड़क निर्माण, नियमित साफ-सफाई, प्रदूषण नियंत्रण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सफाईकर्मियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जब नगरवासी विश्राम कर रहे होते हैं, तब सफाईकर्मी घर-घर से निकलने वाले कचरे को एकत्र कर नगर को स्वच्छ बनाए रखने में अहम योगदान देते हैं।
अधिशासी अधिकारी अपर्णा मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि नगर पंचायत के समग्र विकास के लिए सभी को अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करना होगा। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और नगरवासियों को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने नगर के उज्ज्वल भविष्य और सतत विकास की कामना की। कार्यक्रम में आशीष मिश्रा (बागी), संविदाकार समिति अध्यक्ष, सपा नेता प्रशांत सिंह, सभी सभासद एवं उनके प्रतिनिधि, सफाईकर्मी, सफाईनायक तथा नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। स्थापना दिवस कार्यक्रम का समापन नगर पंचायत के निरंतर विकास और जनकल्याण की कामना के साथ किया गया।