रघुराज सिंह संवाददाता
सोनभद्र/बीजपुर। बीजपुर-रेणुकूट मुख्य मार्ग पर बुधवार की रात अनियंत्रित हो कर एक राखद लदा ट्रेलर पलटने से मौके पर जाम की समस्या प्रकट हो गई। इस हादसे के कारण सड़क पर चारों ओर राख फैल गई, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एनटीपीसी रिहंद नगर के राख बांध से राख लोड कर एक हाइवा बुधवार की शाम छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन जरहा गांव के समीप पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और हाइवा मुख्य मार्ग पर पलट गया।हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए मौके पर पहुंचे। लोगों ने मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, बाहर निकलते ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।सड़क पर राख फैलने के कारण भारी वाहनों के पहिए थम गए। रात भर बड़ी गाड़ियां सड़क पर खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कुछ छोटी गाड़ियों और बाइक सवारों ने तो ग्रामीण रास्तों का सहारा लेकर अपनी मंजिल तय की, लेकिन ट्रक और बसें समाचार लिखे जाने तक जाम में फंसी रहीं। इस बाबत प्रभारी नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा की ट्रेलर को उठवाने व सड़क पर फैली राख को हटवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। क्रेन की मदद से वाहन को किनारे किया जा रहा है। जल्द ही मार्ग साफ कराकर यातायात को सामान्य रुप से बहाल हो जाएगा।