रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर। बीजपुर–रेणुकूट मार्ग पर जरहा में जाम में फंसे वाहनों को ओवरटेक कर एक यात्री बस को बाईपास से निकालने के दौरान कई घरों के बिजली कनेक्शन क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में मोहमद सफीक, दयाशंकर, गिरजाशंकर, ओमप्रकाश, एनके मजूमदार, नरेंद्र केशरी सहित अन्य कनेक्शनधारियों के बिजली के तार टूट गए, जिससे पूरे क्षेत्र में अंधेरा पसर गया। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को पानी की भी भारी किल्लत का सामना करना पड़ा।
उधर, गुरुवार को साप्ताहिक जरहा बाजार लगने के कारण दुकानदारों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी। टूटे और लटकते तारों की वजह से दुकानदार डर के साये में दुकान लगाने को मजबूर रहे। दिनभर बाजार में खरीदारों की आवाजाही बनी रही और लोग खुले में लटक रहे तारों से बचते हुए खरीदारी करते नजर आए।
मनबढ़ बस चालक की लापरवाही से स्थानीय रहवासियों में खासा आक्रोश देखा गया। समूचे दिन बिजली गुल रहने से घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं। देर से लाइनमैन के पहुंचने पर लोगों की नाराजगी और बढ़ गई।
इस संबंध में अवर अभियंता बिहारी लाल ने बताया कि सर्विस केबल में फॉल्ट हुआ है। मौके पर लाइनमैन पहुंचकर क्षतिग्रस्त केबल को जोड़ा जा रहा है और विद्युत आपूर्ति बहाल करने का कार्य जारी है।