मंजय वर्मा की रिपोर्ट
मीरजापुर/सीखड़। चुनार कोतवाली अंतर्गत अदलपुरा पुलिस चौकी क्षेत्र के साधों माधो पुल के पास बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से एक बालिका की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव सड़क पर रख चक्का जाम कर दिया। उधर सूचना पाते ही सीओ चुनार मंजरी राव एसडीएम चुनार राजेश कुमार वर्मा मौके पर पहुंच कर परिजनों को काफी समझानें बुझाने का प्रयास किया पर परिजन ट्रक चालक की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। जानकारी के अनुसार मनीष पाल निवासी अवलेशपुर थाना रोहनिया जनपद वाराणसी गुरुवार को अपनी पत्नी सुनीता पाल व भतीजी पलक पाल के साथ एक ही बाइक से अदलपुरा शीतला धाम में दर्शन कर वापस घर जा रहे थे। चुनार से वाराणसी राजमार्ग पर साधों माधो पुल के पास बालू लेकर वाराणसी जा रही ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे श्रेया पाल 15 वर्ष की मौके पर मौत हो गई तथा सुनीता पाल गंभीर रूप से घायल हों गई जिसे इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।घटना की जानकारी लगते ही मृतक के परिजनों सहित अन्य ग्रामीणों ने चुनार से वाराणसी राजमार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ चुनार मंजरी राव और एस डी एम चुनार राजेश वर्मा ने परिजनों को काफी समझाने का प्रयास किया किन्तु परिजन मुआवजे के साथ साथ ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। वहीं थाना प्रभारी विजय शंकर सिंह मह पुलिस बल के साथ तैनात रहे और सी सी फूटेज के माध्यम से ट्रक चालक की तलाश में जुटी रहे।