अजीत पाण्डेय संवाददाता
सोनभद्र। जनपद के बभनी क्षेत्र की ग्राम पंचायत चपकी स्थित महुअरिया मोड़ पर हर शनिवार को लगने वाले बकरी बाजार में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब तेलंगाना से आए कुछ हिंदू व्यापारियों के साथ मारपीट और धमकी दिए जाने का आरोप सामने आया। घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया गया कि इस साप्ताहिक बाजार में देसी बकरी, मुर्गी और मुर्गों की खरीद-फरोख्त के लिए आसपास के गांवों के पशुपालकों के साथ-साथ दूर-दराज से व्यापारी पहुंचते हैं।
स्थानीय व्यापारियों के अलावा तेलंगाना, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से सैकड़ों व्यापारी बड़े वाहनों से यहां आते हैं और पशुधन खरीदकर अपने क्षेत्रों के बाजारों में ले जाते हैं। इसी क्रम में इस शनिवार को तेलंगाना से आए हिंदू व्यापारियों के साथ सलीम नामक व्यापारी द्वारा मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया गया। पीड़ित व्यापारियों का कहना है कि दोबारा बाजार आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। मामले की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के प्रखंड अध्यक्ष मनोज पाण्डेय अपनी टीम के साथ बाजार पहुंचे। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों ने आपस में सुलह कर लिया।