अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत घघरी में वर्ष 2017–18 और 2018–19 के दौरान कराए गए विकास कार्यों की जांच में बड़ी अनियमितता सामने आई है। जिलाधिकारी के आदेश पर हुई जांच में कुल 4.1 लाख रुपए की गड़बड़ी पाई गई है। प्रथम दृष्टया जांच में 4,01,087 रुपए का कार्य कम पाया गया, जबकि भुगतान पूरा दर्शाया गया था। जांच के बाद ग्राम पंचायत घघरी की तत्कालीन प्रधान कलावती देवी और सचिव प्रमोद कुमार से उक्त धनराशि की वसूली के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिला स्तरीय टीम में दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विद्या देवी और अवर अभियंता म्योरपुर शामिल रहे। टीम ने मौके पर पहुंचकर अभिलेखों, कार्यस्थल की वास्तविक स्थिति और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था और एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण व साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। प्रस्तुत जवाब और साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि विकास कार्यों में वास्तविक कार्य कम कर गलत भुगतान दिखाते हुए धन की बंदरबांट की गई। इस संबंध में डीपीआरओ नमिता शरण ने बताया कि संबंधित धनराशि तत्कालीन ग्राम प्रधान और सचिव से 50-50 प्रतिशत की दर से वसूल की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे विकास कार्यों की गोपनीय जांच लगातार की जा रही है और अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।