मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। जनपद के कस्बा स्थित तहसील परिसर में चल रही रासलीला के छठवें दिन वृंदावन की रासबिहारी लाल कलाकार मंडली ने भगवान कृष्ण की माखन चोर लीला का सजीव और मनोहारी मंचन किया। कार्यक्रम की शुरुआत कलमकार समाज द्वारा पूजा-अर्चना और राधा रमण की भव्य आरती से हुई, जिसमें तहसील क्षेत्र के पत्रकारों ने भी सहभागिता की। मां भारती जन सेवा ट्रस्ट और रासलीला समिति के अध्यक्ष अनिल हलवाई द्वारा कथावाचक रूप कृष्ण शास्त्री का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। इसके बाद माखन चोर लीला का मंचन आरंभ हुआ, जिसमें गोकुल में माखन चुराते कृष्ण, गोपियों संग रास और बाल लीलाओं का जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया गया। संवाद, भाव-भंगिमा और संगीत के माध्यम से कलाकारों ने भक्ति, सरलता और आस्था का संदेश दिया, जिससे प्रांगण में उपस्थित श्रद्धालु भाव-विह्वल हो उठे।
मंचन वृंदावन के महंत दाऊदयाल उपाध्याय के नेतृत्व में संचालित रहा। कथा व्यास ने माखन चोर प्रसंग की महिमा, भक्तों की आस्था और कृष्ण की चंचलता, करुणा व संरक्षण भावना पर प्रकाश डाला। रात्रि 10 बजे तक चले इस आयोजन में हर प्रसंग पर जयघोष गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने इसे दिव्य और अलौकिक आध्यात्मिक अनुभव बताया। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष अनिल कुमार, रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल, पूर्व महामंत्री आलोक अग्रहरि, संदीप गुप्ता, अमित कुमार सिंह, विष्णु हलवाई, अशोक कनौजिया, देवेश मोहन, रवि सिंह, श्याम अग्रहरि, राफे खान, मनीष कुमार, सुशील गुप्ता, जितेंद्र चंद्रवंशी, मदन तिवारी, प्रमोद रवानी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे।