मनीष कुमार संवाददाता
सोनभद्र। दुद्धी कस्बे में सड़कों की पटरी और सरकारी जमीनों पर हुए अतिक्रमण को लेकर एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। तहसील तिराहे से बस स्टैंड तक सड़क के दोनों ओर और बस स्टैंड के पीछे के हिस्से का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम निखिल यादव ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण करने वाले लोग एक–दो दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सड़कों के किनारे अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित हो रहा है और जाम की स्थिति भी बन रही है। एसडीएम ने नगर पंचायत प्रशासन से अतिक्रमण हटाने और प्रभावित दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की योजना तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि अभियान प्रभावी ढंग से चलाया जा सके। इस दौरान सीओ राजेश कुमार राय, तहसीलदार अंजनी गुप्ता, ईओ अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।