शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र। विकास समिति और चाइल्ड राइट्स एंड यू के संयुक्त सहयोग से घोरावल ब्लॉक के शिवपुर व हरदिहवा गांव में किशोर-किशोरियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गांव के किशोर और किशोरियों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रशिक्षण के दौरान संस्था की काउंसलर साधना सिंह ने जीवन कौशल, शिक्षा के महत्व और आत्मनिर्भर बनने के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही कौशल और सकारात्मक सोच से किशोर-किशोरियां न केवल अपना भविष्य बेहतर बना सकते हैं, बल्कि समाज में भी सकारात्मक भूमिका निभा सकते हैं। सत्र में भावनाओं पर नियंत्रण, दूसरों की भावनाओं को समझना, प्रभावी संवाद, समन्वय और आत्मविश्वास बढ़ाने पर भी चर्चा की गई।
इसके साथ ही स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया गया, जिसमें संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म से जुड़े बदलाव, प्राथमिक उपचार और सुरक्षित पेयजल की जानकारी शामिल रही। सामाजिक कार्यकर्ता रीमा ने निर्णय लेने की क्षमता, सूचनाओं के विश्लेषण और तनाव से निपटने के तरीकों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम, बाल विवाह निषेध, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और कन्या सुमंगला योजना जैसे विषयों पर भी विचार साझा किए गए। इस अवसर पर सोनभद्र विकास समिति के कोऑर्डिनेटर, काउंसलर, सामाजिक कार्यकर्ता, गांव की महिलाएं, पुरुष और अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।