मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी,सोनभद्र। दुद्धी टाउन क्लब मैदान पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर और ओबरा के बीच रोमांचक क्रिकेट मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की टीम ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओबरा की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ओबरा की ओर से मनीष ने शानदार 88 रन बनाए, जबकि रोशन और योगेश ने 33-33 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की ओर से योगेश और गयांशु ने 2-2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की टीम ने 18.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 242 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में अरमान का अहम योगदान रहा, जिन्होंने 13 छक्के और 4 चौकों की मदद से 106 रन की विस्फोटक पारी खेली। शुभम ने 63 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। ओबरा की ओर से गेंदबाजी में दीपक और नीरज ने 2-2 विकेट हासिल किए। इस जीत के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की टीम ने ओबरा को 4 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश सुनिश्चित किया। शानदार प्रदर्शन के लिए अरमान आलम को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्हें अपना दल एस के विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया। मैच के निर्णायक की भूमिका में गौस मुहम्मद खान और इकबाल रहे, जबकि कमेंट्री जमी और ओमकार ने की। स्कोरिंग की जिम्मेदारी अयाज और अयान ने संभाली। आगामी मुकाबले में भभुआ और भदोही की टीमें आमने-सामने होंगी।