शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र। जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र स्थित मरसड़ा गांव में मंगलवार की देर शाम हुए सड़क हादसे से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यहां सवारियों से भरे एक टेम्पो की सामने से आ रही जीप से जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें कुल पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। पुलिस और एंबुलेंस की सहायता से तीन घायलों को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जबकि दो अन्य को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। हादसे में घायल एक महिला की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि शाम करीब छह बजे शिवद्वार से यात्रियों को लेकर टेम्पो घोरावल की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान मरसड़ा गांव के पास बेलन नदी क्षेत्र में सामने से आ रही चार पहिया वाहन से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो सड़क पर पलट गया और उसमें बैठे यात्री घायल हो गए।घायलों में वंदना, धर्मशीला और शिवकुमार को सीएचसी घोरावल में भर्ती कराया गया, जबकि लकी और सूरज का इलाज निजी अस्पताल में कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार धर्मशीला विश्वकर्मा के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है।