वीरेंद्र कुमार संवाददाता
सोनभद्र। जनपद के विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैयाडिह ग्राम पंचायत में सीता मोड़ चौराहे पर शाम लगभग चार बजे बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों और हत्या के विरोध में विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर दर्जनों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और “बांग्लादेश मुर्दाबाद”, “हिंदुओं पर अत्याचार बंद करो” जैसे नारे लगाकर आक्रोश जताया। प्रदर्शन की शुरुआत कस्बे के शिव मंदिर से जुलूस के रूप में हुई, जहां हाथों में तख्तियां और भगवा झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने कथित हमलों की निंदा की। नेतृत्व कर रहे अमन जायसवाल ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है, हिंदुओं के घर जलाए जा रहे हैं और निर्दोष लोगों की हत्या की जा रही है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप और भारत सरकार से कड़े कूटनीतिक कदम उठाने की मांग की। पुतला दहन के दौरान माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र स्थानीय पुलिस मौके पर मुस्तैद रही, जिससे कार्यक्रम बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुआ। इस दौरान दिलीप मौर्य, कृष्णा साहू नगर शाह मंत्री, लक्ष्मण मौर्य, अजीत शर्मा, कार्तिक चंद्रवंशी, लव कुश चंद्रवंशी, संतोष कुमार, नीरज कुमार, सुभाष शर्मा, नीरज और मनीष सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।