रघुराज सिंह संवाददाता
सोनभद्र(बीजपुर)। बीजपुर-रेनुकूट मार्ग पर नेमना के पास एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक एनटीपीसी रिहन्द परियोजना से ड्यूटी कर अपने घर वापस लौट रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलमान (30 वर्ष) पुत्र यूसुफ, निवासी करमघट्टी थाना बभनी किसी संविदाकार के यहां श्रमिक के रूप में कार्यरत है। बुधवार को वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह बीजपुर-रेनुकूट मार्ग पर नेमना के पास पहुँचा, सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सलमान की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। सड़क पर घायल अवस्था में पड़े युवक को देख राहगीरों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुँची पुलिस ने घायल सलमान को तत्काल एनटीपीसी के धन्वंतरि चिकित्सालय में भर्ती कराया।अस्पताल के डॉक्टरों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया है।