शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र। जिलाधिकारी और सहायक आयुक्त औषधि, विंध्याचल मंडल के निर्देश पर मंगढ़ क्षेत्र में स्थित ओम शिव महिमा मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की जांच को लेकर औचक निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई की गई। निरीक्षण की सूचना मिलते ही आसपास के कई मेडिकल स्टोर संचालकों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मौके से हट गए, जिस पर संबंधित दुकानदारों को चेतावनी जारी की गई। छापेमारी के दौरान ओम शिव महिमा मेडिकल स्टोर का संचालन करते हुए प्रोपराइटर मौके पर मौजूद पाया गया। टीम द्वारा मेडिकल स्टोर की गहनता से जांच की गई, जिसमें कुछ दवाओं के बिल उपलब्ध नहीं पाए गए। इस संबंध में निरीक्षण आख्या सहायक आयुक्त औषधि को भेजी जा रही है और मेडिकल स्टोर संचालक को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निरीक्षण के समय नशीली प्रतीत हो रही दो दवाओं के नमूने जांच और गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट आने के बाद औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम 1940 के तहत सुसंगत धाराओं में आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना डॉक्टर के वैध पर्चे के नशीली दवाओं का विक्रय न किया जाए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मेडिकल स्टोर पर मौजूद लोगों और आसपास के नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी को नशे की लत से बचाना और अवैध दवा बिक्री पर रोक लगाना है।