मनीष कुमार संवाददाता
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत दुद्धी क्षेत्र में पशु तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी दुद्धी के मार्गदर्शन में थाना दुद्धी पुलिस ने रात में नाकाबंदी के दौरान गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी का पर्दाफाश किया। 08.01.2026 की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दुद्धी पुलिस ने रजखड़ थाना गेट से आगे सड़क पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान हाथीनाला तिराहा की ओर से आ रही एक महिन्द्रा बोलेरो पिकअप (UP70QT 4205) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन भगाने लगा, लेकिन तत्परता से कार्रवाई करते हुए लगभग 23:10 बजे वाहन को पकड़ लिया गया।
वाहन में सवार व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम सुरेन्द्र भारती (निवासी बिलारी, हंडिया, प्रयागराज) और लवकुश यादव (निवासी भेलसी, हंडिया, प्रयागराज) बताया। तलाशी के दौरान पिकअप में दो गाय और एक बछिया पाई गई, जिनके मुंह क्रूरतापूर्वक बंधे थे। पशुओं को अवैध रूप से वध हेतु ले जाया जा रहा था। मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना दुद्धी पर मु0अ0सं0 07/2026, धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।