Breaking News
मड़हे में आग तापते समय वृद्ध महिला की झुलसकर मौत     |     आर्केस्ट्रा बुक करने गए दो युवकों की भीषण सड़क हादसे में मौत     |     वार्षिक उत्सव विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया     |     
Share on

  राजेश तिवारी की रिपोर्ट

कोन/सोनभद्र। जनपद के नवसृजित विकास खंड कोन अंतर्गत जऊवाजोत (बागेसोती) में जल संकट को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जल जीवन मिशन के तहत हर्रा-कदरा ग्राम समूह पेयजल योजना के अंतर्गत हर घर नल योजना धरातल पर पूरी तरह विफल नजर आ रही है। कई गांवों में महीनों से जलापूर्ति ठप है, जिससे लोग फ्लोराइड युक्त नदी-नालों, चुआंड और अन्य दूषित जल स्रोतों का पानी पीने को मजबूर हैं।

कार्यदायी संस्था पर लापरवाही के आरोप, जांच व तत्काल जलापूर्ति की मांग

ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया लिमिटेड द्वारा कई स्थानों पर नल कनेक्शन अधूरे छोड़ दिए गए, जबकि कागजों में कार्य पूर्ण दिखा दिया गया। सड़क किनारे पाइप डालने और कुछ जगह मरम्मत का काम शुरू तो हुआ, लेकिन पूरा नहीं किया गया। कचनरवा, असनाबांध, कुड़वा सहित फ्लोरोसिस प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति गंभीर बनी हुई है, जहां लोग असहनीय दर्द से जूझ रहे हैं और असामयिक मौतों की भी शिकायतें सामने आई हैं।

आरोप है कि मुख्यमंत्री पोर्टल और सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतों के बावजूद बिना समाधान के ही जांच आख्या लगा दी गई। इसी क्रम में ग्रामीणों ने संबंधित संस्था के खिलाफ जांच, ब्लैकलिस्ट करने और तत्काल नियमित जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है। वरिष्ठ समाजसेवी जोखन प्रसाद यादव ने कहा कि जहां कनेक्शन हैं, वहां भी पानी नहीं मिल रहा है, जिससे आक्रोश बढ़ रहा है।प्रदर्शन में जोखन प्रसाद यादव, मोबिन अंसारी, मिंटू शर्मा, छठू, रामनाथ मौर्या, गुड्डू पनिका सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। जल निगम के अधिशासी अभियंता अरुण सिंह ने बताया कि इंटेक पर बालू हटाने के प्रयास किए गए, लेकिन जल स्तर में सुधार नहीं हुआ, फिर भी पानी उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।





Top