Breaking News
मड़हे में आग तापते समय वृद्ध महिला की झुलसकर मौत     |     आर्केस्ट्रा बुक करने गए दो युवकों की भीषण सड़क हादसे में मौत     |     वार्षिक उत्सव विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया     |     
Share on

  सौरभ की रिपोर्ट

सोनभद्र। जनपद के विकास खंड करमा स्थित केकराही में 09.01.2026 को जिले के पहले सोया मिल्क प्लांट का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी द्वारा फीता काटकर प्लांट का उद्घाटन किया गया। इस सोया मिल्क प्लांट का संचालन संकल्प प्रेरणा महिला संकुल स्तरीय संघ की ओर से किया जा रहा है। प्लांट में 10 से अधिक महिलाएं सोया मिल्क, सोया पनीर (टोफू), सोया दही, सोया खोवा, सोया बड़ी जैसे उत्पाद तैयार कर रही हैं। इस कार्य से समूह की महिलाओं को प्रतिदिन लगभग 1000 से 2000 रुपये तक की आय हो रही है। सोया पनीर की मांग अधिक होने के कारण महिलाओं को नियमित ऑर्डर भी मिल रहे हैं, जिसकी आपूर्ति कर समूह आर्थिक लाभ कमा रहा है।


Blog single photo


समूह सदस्य सविता और रागिनी ने बताया कि यह कार्य उनके लिए नया था, लेकिन प्रशिक्षण मिलने के बाद उन्होंने इसे सफलतापूर्वक शुरू किया। आजीविका मिशन के तहत आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया। करीब तीन लाख रुपये की लागत से मशीन स्थापित की गई है, जिससे रोजाना आय सुनिश्चित हो रही है। सोया पनीर (टोफू) को प्रोटीन, कैल्शियम और खनिजों से भरपूर बताया गया है। यह मांसपेशियों को मजबूत करने, वजन नियंत्रण, हृदय स्वास्थ्य सुधार, मधुमेह प्रबंधन और लैक्टोज इनटॉलरेंस से पीड़ित लोगों के लिए उपयोगी माना जाता है। साथ ही इसमें मौजूद आइसोफ्लेवोन्स को कुछ प्रकार के कैंसर के जोखिम को कम करने में सहायक माना जाता है। महिला समूह की सदस्य इस नवाचारी कार्य से उत्साहित हैं और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से उन्हें आजीविका का एक स्थायी रास्ता मिला है। प्लांट के शुभारंभ अवसर पर डीडीओ, डीसी एनआरएलएम, डीपीआरओ, बीडीओ सहित बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं मौजूद रहे।




Top