मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी/सोनभद्र। विधानसभा क्षेत्र में अपना दल (एस) की विधानसभा स्तरीय मासिक बैठक 10 जनवरी 2026 को उत्सव वाटिका दुद्धी में आयोजित हुई। बैठक में एकमुख संदेश दिया गया कि दुद्धी विधानसभा में पार्टी अब केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं, बल्कि एक उभरती हुई निर्णायक राजनीतिक ताकत के रूप में आगे बढ़ रही है।
बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने की। विधानसभा प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव राकेश यादव की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया। अपने संबोधन में राकेश यादव ने कहा कि संगठन को लेकर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी गरीबों, दलितों, पिछड़ों, शोषितों, वंचितों और किसानों की आवाज है तथा आगामी चुनावों में यही वर्ग निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि आने वाले जिला पंचायत चुनाव में पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
बैठक के दौरान जिला महासचिव मुकेश तरंग पटेल को दुद्धी विधानसभा का सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर जिला अध्यक्ष अंजनी पटेल ने स्वागत किया। मुकेश तरंग पटेल ने कहा कि पार्टी की नीतियां अब हर गांव और हर मतदाता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाएंगी।विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जोन, सेक्टर और बूथ स्तर का संगठन अब कागजों तक सीमित नहीं है, बल्कि सक्रिय और परिणामोन्मुखी रूप से कार्य कर रहा है। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क और जिला पंचायत चुनाव की रणनीति पर सहमति बनी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।