बाबू लाल शर्मा संवाददाता
म्योरपुर/सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक सभागार में गुरुवार को क्षेत्र पंचायत म्योरपुर की बैठक ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक की शुरुआत एडीओ पंचायत अजय कुमार सिंह द्वारा पिछली कार्यवाही को पढ़कर सुनाने के साथ की गई।
बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. पीएन सिंह ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं बिजली विभाग के एसडीओ शिवम गुप्ता ने विभागीय योजनाओं व समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए विभाग निरंतर कार्य कर रहा है। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने की शिकायत उठाई, जिस पर एसडीओ ने स्पष्ट किया कि जिन्हें संदेह है, वे पुराने मीटर के साथ जांच करवा सकते हैं।
लघु सिंचाई विभाग के जेई काशीनाथ ने ब्लास्ट कूप निर्माण योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक लाभार्थी नवंबर से मार्च के बीच आवेदन कर सकते हैं। शिक्षा विभाग से आए रजनीश श्रीवास्तव ने सरकार द्वारा संचालित शिक्षा, योजनाओं की जानकारी साझा की। बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने कहा कि ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों की समस्याएं यदि लिखित रूप में उन्हें या बीडीओ को दी जाती हैं तो उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एससी-एसटी आयोग के प्रदेश उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है। जनता जनप्रतिनिधियों को चुनती है ताकि वे उनकी समस्याओं का प्रतिनिधित्व कर सकें। उन्होंने देश की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार विकास की ओर अग्रसर है। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार, सीडीपीओ नागेंद्र कुमार, एडीओ कोऑपरेटिव सतेश राय, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गणेश जायसवाल, सुधीर कुमार, बर्फी लाल, रामनारायण, रामप्यारे,नरेश जायसवाल ,रामदास गौंड सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।