रघुराज सिंह संवाददाता
सोनभद्र(बीजपुर)। महुली गांव में विवाहिता का शव कुएं में पाए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। मृतका के पिता संतलाल पुत्र स्व. मन्नु निवासी झीलों की तहरीर पर दहेज हत्या और उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी कि गुरुवार शाम मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर मुख्य आरोपी उपेंद्र पुत्र गिरदावल निवासी महुली को चेतवा बरडार मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद थाने लाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और माननीय न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक श्रवण कुमार यादव, आरक्षी प्रमोद कुमार तथा चालक हेड कांस्टेबल मंजूर आलम शामिल रहे। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।