अजीत पाण्डेय संवाददाता
सोनभद्र(बभनी)। बभनी ब्लॉक के बरवाटोला गांव में रामलीला मैदान पर कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 30 वर्षों से इसी मैदान में रामलीला का आयोजन होता आ रहा है और यह स्थल गांव की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान है। आरोप है कि ग्राम पंचायत द्वारा इसी रामलीला मैदान पर सीएससी सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि पंचायत में अन्य खाली भूमि उपलब्ध है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधान पुत्र द्वारा अवैध रूप से इस धार्मिक स्थल पर निर्माण कराया जा रहा है, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। मामले की जांच के लिए रविवार को राजस्व टीम मौके पर पहुंची थी, जहां ग्रामीणों ने रामलीला मैदान को संरक्षित रखने की मांग रखी। ग्रामीणों का दावा है कि पूर्व में ब्लॉक सचिव और लेखपाल द्वारा भी यहां निर्माण न कराने की सलाह दी गई थी, इसके बावजूद कार्य जारी रहा। प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने भी विरोध दर्ज कराया। वहीं ग्रामीणों ने यह आरोप भी लगाया कि जांच के दौरान एडीओ पंचायत सतीश कुमार सिंह ने धमकी दी, हालांकि एडीओ पंचायत ने इन आरोपों का खंडन किया है। प्रदर्शन में भगवानदास, राधेश्याम, कमल यादव, बसंत लाल, विमलेश पांडे, दया प्रसाद सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।