रघुराज सिंह संवाददाता
सोनभद्र(बीजपुर)। महाशिवरात्रि के अवसर पर क्षेत्र के अजिरेश्वर धाम जरहा, रिहंदेश्वर मंदिर आवासीय परिसर, शिव मंदिर सिरसोती, बेड़ियां हनुमान मंदिर बाजार, दुदहिया माता मंदिर पुनर्वास सहित समूचे शिवालयों में अल सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शिवभक्त धूप, बत्ती, फल, फूल, दुग्ध, बेलपत्र, नारियल, धतूरा व मिष्ठान आदि पूजा सामग्री लेकर कतारबद्ध होकर दिनभर पूजा-अर्चना में लीन रहे। अजिरेश्वर धाम मंदिर में प्रातः काल मंदिर के न्यासकर्ता राजेन्द्र सिंह बघेल ने पत्नी सुलोचना सिंह बघेल के साथ सपरिवार रुद्राभिषेक कर पूजा-अर्चना की। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश सहित अन्य प्रांतों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे।
अजिरेश्वर धाम जरहा मंदिर परिसर के समीप आयोजित भव्य मेले में नारियल, फल-फूल, मिष्ठान, खिलौने, बर्तन आदि की जमकर खरीददारी हुई, वहीं गुढहिया जलेबी की दुकानों पर विशेष भीड़ देखी गई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में पीएसी व पुलिस बल तैनात रहा, जिसमें पांच उपनिरीक्षक और बीस सिपाहियों ने मेले में सुगम यातायात व सुरक्षा व्यवस्था संभाली। प्रभारी निरीक्षक समय-समय पर दल-बल के साथ भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लेते रहे। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्य राजकुमार सिंह, तेजबली सिंह, प्रधान प्रतिनिधि विनोद भारती, रवि गुप्ता, राहुल सिंह, दीपक सिंह, गणेश शर्मा और श्याम सुन्दर जायसवाल सहित अन्य लोग सक्रिय रूप से जुटे रहे।