राजेश तिवारी की रिपोर्ट
सोनभद्र(कोन)। विकासखंड कोन के ग्राम पंचायत बरमोरी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। आरोप है कि निर्धारित समय पर राशन नहीं दिया जा रहा, जिससे गरीब और मजदूर परिवारों को बार-बार दुकान के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि फरवरी माह का राशन होली से पहले भी वितरित नहीं किया गया, जिसके चलते कई घरों में भोजन का संकट खड़ा हो गया। महिलाओं और बुजुर्गों ने बताया कि बार-बार लौटाए जाने से उनकी मजदूरी और समय दोनों का नुकसान हो रहा है।
• ई-केवाईसी और नेटवर्क समस्या बनी बड़ी वजह
ग्रामीणों के अनुसार करीब 400 से अधिक कार्डधारकों का आधार ई-केवाईसी लंबित है, जबकि दुकान ऑफलाइन होने और नेटवर्क दिक्कत के कारण वितरण प्रभावित हो रहा है। आरोप लगाया गया कि कई बार शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन में विनय कुशवाहा, कन्हैयालाल, राघवेन्द्र, जितेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, श्रवण कुमार, रामभोग, रजवंती, मालती, सिरपतिया, फूल कुमारी, सोमरी देवी, फूल पतिया समेत दर्जनों लोग शामिल रहे। खाद्य पूर्ति निरीक्षक निर्मल सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।