रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। बीजपुर-रेणुकूट मुख्य मार्ग के उत्तर पटरी स्थित मोटर गैरेज के पास मैदान में प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ, जहां मुख्य अतिथि थाना प्रभारी राजेश सिंह व विशिष्ट अतिथि एनर्जियो प्राइवेट लिमिटेड के साइड इंचार्ज राजेश सिंह तथा बेसिक शिक्षा विभाग म्योरपुर के ब्लॉक अध्यक्ष पवन सुक्लेश का कमेटी अध्यक्ष धनंजय कुमार शर्मा ने टीम के साथ पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। उद्घाटन मुकाबले में चपकी और यंग बॉयज बीजपुर आमने-सामने रहे, जहां चपकी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और यंग बॉयज को 8 ओवर में 37 रन पर समेट दिया। जवाब में चपकी ने 3.5 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया, जिसमें दीपक मौर्य को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
• अन्य मुकाबलों में भी दिखा जबरदस्त खेल, दर्शकों की उमड़ी भीड़
दूसरे मुकाबले में महरीकला ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7.2 ओवर में 56 रन बनाए, जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए एनर्जियो की टीम 8 ओवर में 53 रन पर सिमट गई और महरीकला ने 3 रन से जीत दर्ज की। तीसरे मैच में रिहंद नाइट राइडर्स 5 ओवर में 32 रन पर ऑल आउट हो गई, जिसे शांति नगर ने 4.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस मुकाबले में विकास यादव को शानदार गेंदबाजी (2 ओवर में 11 रन, 3 विकेट) के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया। अंपायरिंग में मुकेश पाल व मक्कुल खान, स्कोरिंग में शिव जायसवाल और कमेंट्री में धनंजय शर्मा ने भूमिका निभाई, जबकि आयोजन में कई कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा और सैकड़ों दर्शकों ने मैच का आनंद लिया।