रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। क्षेत्र के जरहा स्थित बघेल फार्म हाउस में धान की रोपाई शुरू हो गई है। फार्म हाउस के कृषि प्रबंधक राहुल सिंह ने बताया कि पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण निजी संसाधनों से सिंचाई कर धान की रोपाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि अनियमित विद्युत आपूर्ति के चलते सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है, वहीं डीजल की बढ़ती कीमतों से किसानों की लागत भी लगातार बढ़ रही है।
• महिलाओं के कजरी गीतों से खेतों में बना उत्साह का माहौल
क्षेत्र के किसान श्याम सुंदर जायसवाल, त्रिरथ गुर्जर, रोहित सिंह, लल्लू बाबू और तेजबली सिंह ने बताया कि इस वर्ष पर्याप्त बारिश नहीं होने और केवल रुक-रुक कर हल्की वर्षा होने से धान की रोपाई प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नहर या अन्य सिंचाई साधनों के अभाव में खेती करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। इसके बावजूद खेतों में धान की रोपाई कर रही महिलाएं कजरी गीत गाकर पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण बना रही हैं, जिससे कठिन परिस्थितियों के बीच भी ग्रामीण संस्कृति की झलक देखने को मिल रही है।