मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के निमियाडीह गांव में मोबाइल चार्जर निकालते समय एक बुजुर्ग बिजली के करंट की चपेट में आ गए। जानकारी के अनुसार गांव निवासी मुमताज (62) पुत्र स्व. अलाउद्दीन सुबह अपने घर में मोबाइल को चार्जिंग पोर्ट से निकाल रहे थे। इसी दौरान विद्युत बोर्ड के पास पहले से झूल रहे कटे हुए मेन तार के संपर्क में आने से उन्हें तेज करंट का झटका लगा, जिससे वे दूर जा गिरे। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
• परिजनों ने एम्बुलेंस से पहुंचाया सीएचसी, हालत फिलहाल स्थिर
घटना के बाद परिजनों ने डायल 108 एम्बुलेंस की सहायता से मुमताज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। परिजनों के अनुसार तेज करंट लगने और गिरने से उन्हें चोटें आई हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है तथा उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।