शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। सावन माह में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शिवद्वार मंदिर परिसर में एसडीएम आशीष त्रिपाठी की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग और स्थानीय नागरिकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा मार्ग की सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। मंदिर के प्रधान पुजारी सुरेश गिरि ने नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, पथ प्रकाश, क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और अस्थायी शेल्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी।
• पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक प्रबंधन और निर्बाध बिजली आपूर्ति पर विशेष जोर
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उपजिलाधिकारी आशीष त्रिपाठी ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने यात्रा के शांतिपूर्ण संचालन का भरोसा दिलाया और स्थानीय नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में ग्राम प्रधान सियाराम, सहायक विकास अधिकारी रामचरण कुशवाहा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, शिवद्वार चौकी प्रभारी कविंद्र यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।