रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जनपद के नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जल्द ही मोबाइल नेटवर्क की सुविधा मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के प्रयासों से बीएसएनएल द्वारा रॉबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्धी तहसील के 14 गांवों में 4जी मोबाइल टॉवर स्थापित किए जाएंगे। इससे न केवल इन गांवों बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध होगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि भौगोलिक परिस्थितियों के कारण जिले के कई गांव आज भी मोबाइल नेटवर्क से वंचित हैं, जिससे लोगों को फोन करने के लिए ऊंचे स्थानों पर जाना पड़ता है तथा इंटरनेट सेवाएं भी बाधित रहती हैं। इसे देखते हुए बीएसएनएल अधिकारियों के साथ बैठक कर नेटवर्क विहीन क्षेत्रों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर टॉवर स्थापित करने के निर्देश दिए गए थे।
• दूसरे चरण में 10 और गांवों को भी मिलेगा मोबाइल नेटवर्क का लाभ
जिलाधिकारी ने बताया कि पहले चरण में रॉबर्ट्सगंज तहसील के नगवां, दरमा, मड़कुरी और सांडसोत, घोरावल तहसील के ढोलो, सपही, अमिलिपोखर, मूर्तिया और देवगढ़ तथा दुद्धी तहसील के डूमा, जौराही, गंगहर, शिशवा और पतखिरना गांवों में 4जी टॉवर लगाए जाएंगे। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं और सरकारी योजनाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी। उन्होंने बताया कि इन गांवों में टॉवर स्थापना का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में दुद्धी तहसील के सोढ़ो, बिच्छी, कोटा और जोरकहू तथा ओबरा तहसील के पकरी, झरिया, कंधौरा, भरमहोरी, कनेहरा और बैरपुर में भी मोबाइल टॉवर स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिस पर जल्द कार्य शुरू कराया जाएगा।