शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र से जमीनी विवाद का एक मामला सामने आया है, जहां दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग धारदार हथियार लेकर मकान का छाजन गिराते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस भूमि को लेकर विवाद हुआ, उस पर न्यायालय पहले से किसी भी प्रकार की गतिविधि पर रोक लगा चुका है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मामला चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत का है, जहां जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग धारदार हथियारों के साथ कथित तौर पर मकान का छाजन गिराते नजर आ रहे हैं, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस भूमि को लेकर विवाद हुआ, उस पर न्यायालय की ओर से पहले ही यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। ग्रामीणों के अनुसार इसी जमीन को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।