रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना के भूमि अधिग्रहण कार्य में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण से जुड़े सभी प्रस्तावों की जांच पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ की जाए। प्रत्येक प्रभावित गांव के राजस्व अभिलेखों का सत्यापन कर किसानवार विवरण, खाता संख्या, भूमि में हिस्सेदारी, सहखातेदारों की जानकारी, भूमि की स्थिति समेत सभी आवश्यक विवरण निर्धारित प्रारूप में तैयार किए जाएं। साथ ही ग्राम सभा, शासकीय, निष्क्रांत एवं शत्रु संपत्ति से संबंधित भूमि का अलग रिकॉर्ड भी तैयार करने के निर्देश दिए गए।
• समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य पूरा करने पर जोर
बड़े गांवों में कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए अतिरिक्त राजस्व टीम गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। तहसील रॉबर्ट्सगंज के 54 गांवों में प्रस्तावित गाटा संख्या, खातेदारों के नाम, पिता के नाम तथा ग्राम सीमाओं का राजस्व अभिलेखों से मिलान और भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। यदि किसी भूमि या परिसंपत्ति का विवरण छूटता है तो उसका संशोधित प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता, तथ्य छिपाने या जानबूझकर त्रुटि पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विंध्य एक्सप्रेसवे सोनभद्र समेत पूरे विंध्य क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए भूमि अधिग्रहण की सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध और विवाद रहित तरीके से पूरी की जाएं।