अजीत पाण्डेय संवाददाता
सोनभद्र। जनपद के बभनी थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ सीमा से सटे जंगल में हथियारबंद बदमाशों ने एक सर्राफा कारोबारी को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और कारोबारी पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में करीब 40 हजार रुपये की नगदी लूटे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ आभूषण लूटे जाने के दावे की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
यह पूरी घटना बभनी थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ सीमा से सटे जंगल में हुई, जहां बाजार से लौट रहे सर्राफा कारोबारी को हथियारबंद बदमाशों ने रास्ते में रोक लिया। कारोबारी के विरोध करने पर बदमाशों ने पहले हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई और फिर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया 40 हजार रुपये की नगदी लूटे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि आभूषणों के संबंध में कारोबारी द्वारा किए गए दावे की जांच की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल कारोबारी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं, वहीं छत्तीसगढ़ सीमा से लगे जंगलों में बदमाशों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पुलिस काम कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द घटना का खुलासा किए जाने की उम्मीद जताई गई है।