रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। शहर को साफ, सुंदर और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर के नीचे के क्षेत्र को कनाडा के टोरंटो स्थित विश्व प्रसिद्ध अंडरपास पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में स्पोर्ट्स, फूड और ग्रीन जोन तैयार किए जाएंगे। परियोजना के तहत बच्चों के लिए झूले, बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, क्रिकेट नेट, ओपन जिम, फूड कोर्ट, आकर्षक वॉल पेंटिंग, बैठने की व्यवस्था तथा पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
• एनसीएल के सीएसआर फंड से होगा निर्माण, जल्द शुरू होंगे कार्य
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि परियोजना के तहत ग्रीन जोन में सजावटी पौधों के साथ 'ट्रिपल आर' (रिड्यूस, रियूज और रिसाइकल) की थीम पर प्लास्टिक व रबर से तैयार आकर्षक स्कल्प्चर भी लगाए जाएंगे। पूरे क्षेत्र को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा ताकि यह स्थान नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके। उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी। इस परियोजना का निर्माण नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के सीएसआर फंड से कराया जाएगा और इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।