रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। बीजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बंगाली कुमार ने अपनी किशोरी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। शिकायत में उन्होंने नेमना गांव निवासी रवि कुमार पर शादी का झांसा देकर उनकी बेटी को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को भी शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बीजपुर पुलिस ने बीएनएस की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
• शिकायत में लगाए गंभीर आरोप, पुलिस बोली- जांच जारी
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ शारीरिक शोषण किया जा रहा है तथा उसे देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मानव तस्करी से जुड़े गिरोह की आशंका भी जताई है। वहीं, थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।