Breaking News
जनशिकायतों में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम, रोज होगी ऑनलाइन समीक्षा     |     आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम     |     पुश्तैनी दुकान पर कब्जे और नकदी चोरी का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार     |     
Share on

  SVG इण्डिया न्यूज रूम

• सुप्रीम कोर्ट ने निष्पक्ष जांच पर दिया जोर, 27 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

नई_दिल्ली। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक नई विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित करने के संकेत दिए। अदालत ने कहा कि नई एसआईटी में पहले से जांच कर रहे अधिकारियों को भी शामिल किया जा सकता है। सुनवाई के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के नेतृत्व में जांच कराई गई है और उसकी स्टेटस रिपोर्ट अदालत में दाखिल कर दी गई है। उन्होंने कहा कि एसआईटी की जांच के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है तथा अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की संवेदनशीलता का हवाला देते हुए उन्होंने खुली अदालत में विस्तृत जानकारी साझा करने से परहेज किया।

• राजनीतिकरण से बचने की नसीहत, जांच एजेंसियों को स्वतंत्र रूप से काम करने की सलाह

सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) ने कहा कि अदालत तीन-चार दिन बाद मामले पर दोबारा सुनवाई करेगी और वरिष्ठ अधिकारियों की नई एसआईटी गठित करने के सुझाव पर विचार करेगी। इस पर राज्य सरकार ने अदालत को भरोसा दिलाया कि वह ऐसा करने के लिए तैयार है। मुख्य न्यायाधीश ने याचिकाकर्ता को मामले का राजनीतिकरण न करने की सलाह देते हुए कहा कि यह एक आर्थिक अपराध का मामला है और जांच एजेंसियों को स्वतंत्र रूप से अपना कार्य करने दिया जाना चाहिए। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को निर्धारित की है, जिसमें नई एसआईटी के गठन और जांच की प्रगति पर विचार किया जाएगा।





Top