Breaking News
जनशिकायतों में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम, रोज होगी ऑनलाइन समीक्षा     |     आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम     |     पुश्तैनी दुकान पर कब्जे और नकदी चोरी का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

• अनुपस्थित या लापरवाही करने वाले अधिकारियों का वेतन होगा अवरुद्ध

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद में जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और परिणाममुखी बनाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आमजन की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता, विलंब या लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशानुसार प्रत्येक कार्य दिवस सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक जिला, तहसील, विकास खंड, नगर पालिका, नगर पंचायत तथा अन्य संबंधित कार्यालयों में प्राप्त जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इस पूरी व्यवस्था की जिलाधिकारी स्वयं प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन समीक्षा करेंगे।

• शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों, खण्ड विकास अधिकारियों, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों तथा अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि समीक्षा के दौरान कोई अधिकारी अनुपस्थित पाया गया अथवा शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, उदासीनता या अनावश्यक विलंब मिला तो संबंधित अधिकारी का वेतन अवरुद्ध करने के साथ प्रशासनिक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आम नागरिकों को त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम बननी चाहिए।





Top