SVG इण्डिया न्यूज रूम
ओबरा(सोनभद्र)। ओबरा-सी तापीय परियोजना की दूसरी 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई। इकाई रविवार दोपहर करीब 2:28 बजे बंद हुई, उस समय इससे 600 मेगावाट से अधिक बिजली उत्पादन हो रहा था। इससे पहले परियोजना की पहली 660 मेगावाट इकाई 9 जुलाई से डिस्ट्रीब्यूटेड कंट्रोल सिस्टम (DCS) में आई खराबी के कारण बंद चल रही है। दोनों इकाइयों के बंद होने से 1320 मेगावाट क्षमता वाली पूरी परियोजना से बिजली उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है।
• अन्य स्रोतों से आपूर्ति बनाए रखने के प्रयास तेज
बिजली उत्पादन शून्य होने से प्रदेश की विद्युत व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। कई क्षेत्रों में आपात बिजली कटौती की स्थिति बनी, हालांकि उच्च विद्युत प्रबंधन द्वारा अन्य स्रोतों से बिजली उपलब्ध कराकर आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं ओबरा-सी तापीय परियोजना के अभियंता दूसरी इकाई में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य में जुटे हैं और अधिकारियों को जल्द बिजली उत्पादन बहाल होने की उम्मीद है।