रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के अंतर्गत हेरा पंचमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। परंपरा के अनुसार माता महालक्ष्मी की भव्य शोभायात्रा गुंडिचा मंदिर (कल्याण केंद्र) पहुंची, जहां भगवान श्री जगन्नाथ से उनके बिना बताए श्री मंदिर से गुंडिचा मंदिर जाने पर नाराजगी प्रकट करने की परंपरा निभाई गई। रिहंदनगर एनटीपीसी की प्रथम महिला नीलू असाटी ने माता महालक्ष्मी की भूमिका निभाते हुए भगवान के रथ नंदी घोष के एक हिस्से को प्रतीकात्मक रूप से क्षतिग्रस्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर पुष्पवर्षा करते हुए भक्ति में लीन नजर आए।
• राधा-रानी बने बच्चों को किया सम्मानित, श्रद्धालुओं ने लिया आरती व प्रसाद का लाभ
हेरा पंचमी के अवसर पर आयोजित पूजन में मुख्य यजमान उपमहाप्रबंधक जी.सी. साहु ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। गुंडिचा मंदिर में बड़ी संख्या में राधा-रानी की वेशभूषा में पहुंचे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने सभी प्रतिभागी बच्चों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा के दर्शन-पूजन कर आरती एवं प्रसाद ग्रहण किया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच थाना प्रभारी राजेश सिंह व पुलिस टीम भी पूजा पंडाल पहुंची। आयोजन में महाप्रबंधक प्रणय कुमार नायक, योगेश त्रिपाठी, जी.सी. साहु सहित मंदिर समिति एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
.