Breaking News
टूटे बिजली के तार की चपेट में आया किसान, बेटे की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा     |     105 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश     |     17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म में दोषी को 10 साल की सजा     |     
Share on

  मनीष कुमार संवाददाता

• करंट लगने से किसान घायल, समय पर बचाव कर बेटे ने बचाई जान

दुद्धी(सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के दुम्हान गांव निवासी मुन्नीलाल (60) मंगलवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे खेत स्थित कुएं पर लगे मोटर पंप की मरम्मत के लिए जा रहे थे। रास्ते में कुएं से करीब 40 मीटर पहले बिजली का टूटा हुआ तार जमीन पर पड़ा था। तार के संपर्क में आते ही वह करंट की चपेट में आ गए। उनके साथ मौजूद छोटे पुत्र संजीव कुमार ने पिता को बचाने का प्रयास किया तो वह भी करंट के झटके की चपेट में आ गया, लेकिन तेज झटके से दूर जा गिरने के कारण सुरक्षित बच गया। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से कुल्हाड़ी के लकड़ी वाले डंडे की सहायता से मुन्नीलाल को तार से अलग किया गया और परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले गए, जहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शाह आलम की देखरेख में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति स्थिर बताई है।

• बेटे ने लापरवाही का लगाया आरोप, कार्रवाई की कही बात

घायल किसान के पुत्र संजीव कुमार का आरोप है कि बिजली का तार कई दिनों से टूटा हुआ जमीन पर पड़ा था। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी तार ठीक कराने के लिए संबंधित लोगों से कहा गया था, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते तार की मरम्मत करा दी जाती तो यह हादसा नहीं होता। संजीव ने बताया कि यदि वह मौके पर मौजूद नहीं होते और सूझबूझ से पिता को करंट से अलग नहीं करते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि पिता की हालत सामान्य होने के बाद पुलिस की मदद से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई थी।





Top